यूपी के आठ लाख कर्मचारियों को मिल सकता है बोनस, दिवाली का तोहफा देने की तैयारी में योगी सरकार
केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब प्रदेश सरकार भी तकरीबन आठ लाख कर्मचारियों को दीपावली का बोनस देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, दीपावली से पहले कर्मचारियों के लिए बोनस का ऐलान हो जाएगा।
केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब प्रदेश सरकार भी तकरीबन आठ लाख कर्मचारियों को दीपावली का बोनस देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, दीपावली से पहले कर्मचारियों के लिए बोनस का ऐलान हो जाएगा। बोनस की अधिकतम राशि 7000 रुपये तक हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, बोनस का लाभ अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ ही दैनिक वेतनभोगी और वर्कचार्ज कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके लिए वित्त विभाग पत्रावली तैयार कर रहा है। पत्रावली तैयार होने के बाद वित्त विभाग सरकार से सहमति लेगा और उसके बाद कार्यकारी आदेश जारी होंगे।
आदेश अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक जारी हो सकते हैं। बोनस की रकम कर्मचारियों की श्रेणी के मुताबिक तय होगी। यह 3400 रुपये से 7000 रुपये के बीच हो सकती है। अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस की आधी रकम उनके जीपीएफ खाते में जमा होगी जबकि आधी रकम कर्मचारियों को उनके खाते में दी जाएगी। प्रदेश के तकरीबन 8 लाख कर्मचारियों को बोनस देने में सरकार के खजाने पर करीब 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बोझ आएगा।
डीए बढ़ोतरी का भी आदेश हो सकता है जारी
सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार जल्द ही महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने का भी ऐलान कर सकती है। इसके बाद प्रदेश सरकार भी महंगाई भत्ते और पेंशनरों के लिए महंगाई राहत में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर सकती है। इस बार महंगाई भत्ते में करीब तीन फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है। अभी महंगाई भत्ता 55 फीसदी मिलता है, जो बढ़कर 58 फीसदी हो जाने की उम्मीद है।
UP के आठ लाख कर्मचारियों को मिल सकता है बोनस, दिवाली का तोहफा देने की तैयारी में योगी सरकार
By Basic wale
On: October 1, 2025 6:30 AM







