बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण एक ही मंच पर : मुख्यमंत्री
बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण एक ही मंच पर : मुख्यमंत्री
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तीन से पांच वर्ष के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी शिक्षा शुरू की गई है। अब 27 हजार केंद्रों को इस व्यवस्था से जोड़ा गया है, जिससे बच्चों को एक ही मंच पर प्रारंभिक शिक्षा और पोषण मिल सके। उन्होंने सुपोषित भारत को देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताते हुए इसे सशक्त और साक्षर समाज
निर्माण का अभियान कहा। सीएम ने सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में ये बातें कहीं। प्रदेश में 35 लाख बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है और कुपोषण में उल्लेखनीय कमी आई है। लगभग 1.70 करोड़ बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 80% कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाया गया।
बौनापन दर भी 48% से घटकर 37% हुई है। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से तकनीक अपनाकर स्मार्ट आंगनबाड़ी को सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले पोषाहार वितरण पर उत्तर भारत का सबसे बड़े शराब माफिया ने कब्जा कर लिया था। तत्कालीन सरकार ने पैसा लेकर उसे ठेका दे रखा था। ब्यूरो







