Primary ka Masterअवकाश सूचनानई भर्तीमौसम69000 भर्तीResultशिक्षक डायरीशिक्षा विभागTeachers StoryArticleEducationप्रशिक्षण लिंकशिक्षामित्र न्यूज़आध्यात्मिकअन्य

UP Summer Vacation 2026: 24 जून तक बढ़ी छुट्टियां, 25 जून से खुलेंगे बेसिक स्कूल, शासन का नया आदेश जारी

On: June 16, 2026 8:50 PM
Follow Us:
Basic Wale | Primary Ka Master

UP Summer Vacation 2026: 24 जून तक बढ़ी छुट्टियां, 25 जून से खुलेंगे बेसिक स्कूल, शासन का नया आदेश जारी

UP Summer Vacation 2026: 24 जून तक बढ़ी छुट्टियां, 25 जून से खुलेंगे बेसिक स्कूल, शासन का नया आदेश जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों के लिए 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। यह व्यवस्था वर्ष 2026 से लागू कर दी गई है।

शासनादेश में कहा गया है कि अब तक परिषद के अकादमिक कैलेंडर में 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित था। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में पड़ने वाली भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारियों द्वारा अवकाश अवधि बढ़ाई जाती रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्थायी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों के लिए विद्यालय 25 जून से खुलेंगे और नियमित पठन-पाठन शुरू होगा। इससे पहले 22, 23 और 24 जून को शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां पूरी की जाएंगी। विद्यालयों में लेसन प्लान तैयार करने, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मिड-डे मील व्यवस्था की समीक्षा, परिसर एवं शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब को क्रियाशील रखने जैसे कार्य किए जाएंगे।

आदेश में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।

शासन ने बेसिक शिक्षा परिषद को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा उनके अनुपालन की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही आरटीई अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 220 शिक्षण दिवस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह आदेश 16 जून 2026 को जारी किया गया है और प्रदेश के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों पर लागू होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now