शिक्षक हत्या कांड में फरार चल रही देवरिया की पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव गिरफ्तार, दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
शिक्षक हत्या कांड में फरार चल रही देवरिया की पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव गिरफ्तार, दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
……..
यूपी के देवरिया जिले में शिक्षक सुसाइड केस में सस्पेंड और आरोपी बनाए जाने के बाद फरार चल रहीं 25 हजार रुपए की इनामी बीएसए शालिनी श्रीवास्तव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोरखपुर की गुलरिहा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। इस साल 22 फरवरी को मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार पुलिस को चकमा दे रही थीं। उनके खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वारंट भी जारी कर रखा था। शिक्षक सुसाइड केस में आरोपी बीएसए ऑफिस का बाबू संजीव सिंह अब भी फरार बताया जा रहा है।
………………….
यह है पूरा मामला
कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग के रहने वाले कृष्ण मोहन सिंह गौरीबाजार विकास खंड स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय, मदरसन में सहायक अध्यापक थे। वह गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में अपने भाई के यहां रहते थे। 20 फरवरी की रात उन्होंने फंदा लगा कर जान दे दी थी। आत्महत्या करने से पहले उन्होंने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह समेत अन्य लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुसाइट नोट और वीडियो भी जारी किया था। जांच में दोषी मिली बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह को निलंबित कर दिया गया था। वहीं बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रधानाचार्य को गोरखपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।






