Primary ka Masterअवकाश सूचनानई भर्तीमौसम69000 भर्तीResultशिक्षक डायरीशिक्षा विभागTeachers StoryArticleEducationप्रशिक्षण लिंकशिक्षामित्र न्यूज़आध्यात्मिकअन्य

माध्यमिक-उच्च शिक्षा भर्ती के लिए तैयार, बेसिक में करें इंतजार

On: July 26, 2025 4:48 AM
Follow Us:
Basic Wale | Primary Ka Master

प्रयागराज । प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर और माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) व प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती के लिए तैयारी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई ऑनलाइन बैठक में माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों ने ऑनलाइन अधियाचन भेजने पर सहमति जताई। हालांकि परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में निकट भविष्य में सहायक अध्यापक भर्ती के आसार नहीं दिख रहे।


ऑनलाइन बैठक से जुड़े बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया कि परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) मानक के अनुरूप है इसलिए अभी अधियाचन भेजने की कोई योजना नहीं है। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सहायता प्राप्त प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में रिक्त पदों के सापेक्ष आरक्षण संबंधी बिन्दुओं के निराकरण की प्रक्रिया गतिमान है। इनका निराकरण कराकर जल्द ही ई-अधियाचन प्रारूप का निर्माण कर लिया जाएगा।



उच्च शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से उपलब्ध कराए गए ई-अधियाचन प्रारूप पर चर्चा की गई। एनआईसी के माध्यम से कार्मिक विभाग के निर्देशानुसार 15 दिन में पोर्टल तैयार करने की अपेक्षा की गई। एनआईसी को पोर्टल विकसित करने में जो समय लगेगा उस दौरान उच्च शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों से ऑनलाइन व्यवस्था करते हुए रिक्तियों का विवरण समेकित करने की अपेक्षा की गई। उपसचिव डॉ. शिवजी मालवीय के अनुसार अटल आवासीय विद्यालय समिति तथा प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अधिकारियों ने बताया कि विभागीय नियमावली में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया चल रही है, जिसे अतिशीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय ने ऑनलाइन अधियाचन पोर्टल के निर्माण एवं एनआईसी के समक्ष आनेवाली विभागीय समस्याओं के संबंध में समन्वय स्थापित करने तथा समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


बैठक में सचिव मनोज कुमार, परीक्षा नियंत्रक देवेन्द्र प्रताप सिंह, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमित भारद्वाज, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुरेन्द्र कुमार तिवारी, उप शिक्षा निदेशक सीएल चौरसिया, उपसचिव एवं ई-अधियाचन नोडल अधिकारी डॉ. शिवजी मालवीय और उपसचिव डॉ. विकास सिंह आदि मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now