ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत मेगा स्वच्छता श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा स्थानीय निवासियों सहित 200 से अधिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।
अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के 19 छात्रावासों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्किंग स्थलों, आंतरिक सड़कों और हरित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई की गई। इस दौरान लगभग 300 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया, जिसे वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया। प्लास्टिक कचरे को पृथक कर सुरक्षित निस्तारण हेतु भेजा गया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाते हुए लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक भी किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने अपने संदेश में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि एनएसएस के नेतृत्व में आयोजित यह मेगा स्वच्छता श्रमदान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सामूहिक चेतना तथा अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों में सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य के संस्कार विकसित करते हैं।
स्वच्छता श्रमदान अभियान का संचालन एनएसएस अधिकारियों डॉ. गौरव, डॉ. श्रुति, डॉ. राकेश, सुश्री निष्ठा, डॉ. ललिता, सुश्री सृजना, डॉ. इंद्रजीत एवं डॉ. शोभा के मार्गदर्शन में किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
इस अवसर पर बॉयज़ मुख्य वार्डन डॉ. प्रदीप तोमर, गर्ल्स मुख्य वार्डन डॉ. निधि तथा डॉ. विमलेश का विशेष सहयोग रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी वार्डनों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस मेगा स्वच्छता अभियान से न केवल विश्वविद्यालय परिसर की स्वच्छता में सुधार हुआ, बल्कि विद्यार्थियों में सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी सुदृढ़ हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।
जीबीयू में मेगा स्वच्छता श्रमदान, एनएसएस स्वयंसेवकों ने 300 किलो कचरा साफ किया
By Basic wale
On: January 31, 2026 8:38 PM









