गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) सेल एवं सहज योग के संयुक्त तत्वावधान में ऑडिटोरियम-2 में “मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास” विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं ध्यान सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 120 से अधिक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपायों को समझाना तथा सकारात्मक एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। सहज योग टीम द्वारा ध्यान, आत्म-साक्षात्कार एवं आंतरिक शांति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं एकाग्रता का अनुभव किया। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ऐसे कार्यक्रमों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार की ओर से विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मनमोहन सिंह सिसोदिया एवं डायरेक्टर वर्क्स प्रो. चंदर कुमार सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका।

राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. गौरव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।







