प्रयागराज। साइबर शातिरों ने बीएसए अनिल कुमार का मोबाइल नंबर ही हैक कर लिया। बीएसए को आवंटित सीयूजी मोबाइल नंबर पर सोमवार दोपहर थोड़ी देर के अंतराल पर दो नंबरों से कॉल कर अज्ञात व्यक्तियों ने कहा कि कार्यालय सामग्री का शिपमेंट डिलीवर करना है। इसके लिए पते का कन्फरमेशन करने के लिए बताया गया कोड डायल कर दें। शातिरों के झांसे में आकर बीएसए ने कोड डॉयल कर दिया। ऐसा करते ही तत्काल बीएसए
के सीयूजी नंबर से 28 हजार रुपये भेजने का मैसेज शिक्षकों और दूसरे परिचितों को जाने लगा।
इसकी जानकारी मिलने पर बीएसए ने तत्काल साइबर क्राइम सेल को अवगत कराते हुए हैक मोबाइल नंबर को ठीक करने के संबंध में सूचना दी। बीएसए ने अपील की है कि उनके सीयूजी मोबाइल नंबर के माध्यम से व्हाट्सएप पर धनराशि मांगने या किसी प्रकार की अवांछित मांग पर प्रतिक्रिया न दें।






