Primary ka Masterअवकाश सूचनानई भर्तीमौसम69000 भर्तीResultशिक्षक डायरीशिक्षा विभागTeachers StoryArticleEducationप्रशिक्षण लिंकशिक्षामित्र न्यूज़आध्यात्मिकअन्य

UPTET NEWS: रिटायर आईएएस-आईपीएस की निगरानी में होगा यूपीटीईटी-26

On: June 26, 2026 7:17 AM
Follow Us:
Basic Wale | Primary Ka Master

नकलविहीन परीक्षा के लिए चयन आयोग ने अनुभवी पर्यवेक्षकों को सौंपी जिम्मेदारी

रिटायर आईएएस-आईपीएस की निगरानी में होगा यूपीटीईटी-26

प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। चार साल बाद होने जा रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2026 रिटायर आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में होगी। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अनुभवी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया है। प्रदेश के 60 जिलों में निर्धारित 955 केंद्रों पर 2 से 4 जुलाई तक पांच पालियों में होने जा रही परीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में एक-एक पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। चयन आयोग के कुछ सदस्य भी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।

60 जिलों में निर्धारित 955 केंद्रों पर कराई जाएगी परीक्षा

व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि का उपयोग प्रतिबंधित

उत्तर पत्रक में भरी गई सूचनाओं को व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि से मिटाना प्रतिबंधित है। यदि उत्तर पत्रक में गोलों को सही से काला नहीं किया जाता है या कोई भी सूचना त्रुटिपूर्ण भरी जाती है, तो उत्तर-पत्रक का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और इसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पत्रक की प्रतियों को अभ्यर्थी स्वयं अलग नहीं करेंगे। अभ्यर्थी को सभी पत्रक जुड़ी हुई स्थिति में अंतरीक्षक को सौंपने होंगे। अंतरीक्षक उत्तर पत्रकों की गणना करने के बाद तीनों प्रतियों को अलग करेंगे और अभ्यर्थियों को अभ्यर्थी प्रति दे देंगे। अभ्यर्थी को तब तक अपनी सीट पर बैठे रहना होगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने साथ अपनी उत्तर पत्रक की प्रति और प्रश्न पुस्तिका ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

घड़ी और एटीएम कार्ड पर भी प्रतिबंध

चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना क्लिपबोर्ड या हार्ड बोर्ड/कार्ड बोर्ड (जिस पर कुछ लिखा न हो) और काली स्याही का बॉल प्वाइंट पेन साथ लेकर आएं।

अभ्यर्थी काले बॉल प्वाइंट पेन के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की स्याही का प्रयोग कदापि न करें। अभ्यर्थियों को किसी तरह का मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, ईयरफोन, किसी भी तरह की हाथ की घड़ी, एटीएम कार्ड, धातु से बनी कोई भी विद्युत सामग्री, कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, कागज पर बनी सारणियां, ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल आदि लेकर परीक्षा केंद्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं है।

अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की सामग्री का आपस में आदान-प्रदान करने की भी मनाही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now